मैनपुरी। थाना भोगांव के गांव मलपुर में दो पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। दो दिन पहले एक पक्ष द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद गांव में तनाव व्याप्त है जिसे देखते हुए गांव में शनिवार को दो सिपाही तैनात कर दिए गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
मलपुर निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख अभिलाख सिंह राजपूत और पूर्व प्रधान बादाम सिंह के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। दोनों ही पक्ष एक दूसरे को नीचा दिखाने के लिए राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं। पूर्व प्रधान के भाई तोताराम की 18 अगस्त 2013 की रात गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। तोताराम का भाई बलवीर गंभीर रूप से घायल हुआ था। तोताराम के भाई आशाराम ने पूर्व ब्लाक प्रमुख अभिलाख सिंह, संजय, विनय, पिंकी, सत्यपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके बाद से आरोपी फरार हैं।
21 नवंबर को पूर्व ब्लाक प्रमुख द्वारा संचालित कालेज में घुसकर गांव के ही नेम सिंह, सोनू, रहीस राम, कायम सिंह ने फायरिंग कर फर्नीचर तोड़ दिया था। बच्चों और स्टाफ के साथ मारपीट की थी। इससे कालेज की छात्रा शालू, प्रधानाचार्य पातीराम राठौर, स्टाफ बृजकिशोर, विमलेश, सुशीला चौहान, राहुल कुमार, लज्जाराम, घायल हो गए थे। प्रधानाचार्य ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों पक्षों के बीच गांव में तनाव है। एहतियात के तौर पर गांव में दो सिपाही तैनात किए हैं। सीओ भोगांव आरएन कुशवाहा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच तनाव के चलते पुलिस को निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में दर्ज कराई गई रिपोर्टों के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं।