किशनी। विकास कार्य नहीं होने के विरोध में दो गांव के लोगों ने ग्वालियर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रदेश सरकार और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक जाम रहने से मार्ग पर आवागमन ठप पड़ गया। वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सपा नगर अध्यक्ष डैनी यादव ने मौके पर पहुंचकर जल्द विकास कार्य शुरू कराने का आश्वासन आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बताते चलें कि तीन जनवरी को भी ग्राम सुंदरपुर और हरनागरपुर के ग्रामीणों ने विकास कार्य नहीं होने के विरोध में हाईवे पर जाम लगाया था। तब विधायक ने तीन दिन में गांव आकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने और उनकी मांग पूरी कराए जाने का आश्वासन दिया था। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी विधायक ब्रजेश कठेरिया के गांव नहीं पहुंचने पर रविवार को फिर दोनों गांवों के ग्रामीणों ने हाइवे पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया। ग्रामीण विधायक और प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि इन दोनों गांवों में आजादी के बाद से आज तक कोई भी विकास कार्य नहीं हो सका है। चुनाव आने पर नेता विकास कराने का वादा कर जाते हैं लेकिन चुनाव के बाद कोई यहां झांकने भी नहीं आता।
पूर्वाह्न 11 बजे ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगाकर विधायक और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। रोड पर ग्रामीणों ने झाड़ियां आदि डालकर रोड को जाम कर दिया। स्थिति यह थी कि बाइक सवारों को भी ग्रामीणों ने नहीं निकलने दिया। इसी दौरान एक एंबुलेंस आ गई जिसे ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से निकलने दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि विधायक मौके पर आएं, लेकिन विधायक फोन करने के बाद भी नहीं आए। करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में नगर अध्यक्ष डैनी यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।