मैनपुरी। लाखों के लकी ड्रा के नाम पर एक सिपाही से एक लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सिपाही से स्टेट बैंक आफ इंडिया के दो खातों में रुपये जमा कराए गए हैं। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला कन्नौज के थाना तालग्राम के मघई नगला निवासी मनोज कुमार यादव थाना बिछवां में सिपाही है। 19 जनवरी को उसके मोबाइल पर मोबाइल नंबर 8756672694 से फोन आया। फोन करने वाली महिला ने अपना नाम निशा पांडेय बताते हुए खुद को एयरटेल कंपनी का अधिकारी बताया। उसने बताया कि कंपनी द्वारा मनोज का नाम लकी ड्रा में शामिल किया गया है। लकी ड्रा में उसे 45 लाख रुपये मिलेंगे। दो दिन बाद एक अन्य व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को कंपनी का एमडी गौरव जैन बताते हुए पहले किए गए मोबाइल नंबर पर 1550 रुपये का रिचार्ज कराने को कहा। मनोज के अनुसार उसने 1550 रुपये का रिचार्ज निशा द्वारा बताए गए मोबाइल में करा दिया। बाद में निशा और गौरव के कहने पर उसने खाता नंबर 31175361717 में 97 हजार रुपये जमा करा दिए। दूसरे खाता संख्या 3305998144 में भी उसने 63 हजार रुपये जमा करा दिए। उसने जब जानकारी जुटाई तो पता चला कि जिस खाते में 97 हजार रुपये जमा किए गए हैं वह बलराम और जिसमें 63 हजार रुपये जमा कराए गए हैं वह देव कुमार के नाम संचालित है। दोनों खाते स्टेट बैंक आफ इंडिया में संचालित हैं। मनोज के अनुसार जब उसने निशा द्वारा किए गए मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन पहले तो रिसीव नहीं हुआ और बाद में बंद हो गया। उसे जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने जानकारी जुटाई। मनोज की तहरीर पर पुलिस ने खाता धारक बलराम, देव कुमार सहित मोबाइल धारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।