मैनपुरी। थाना किशनी के गांव सोनासी में मंगलवार की दोपहर चूल्हे से निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग की लपटों ने जोर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग न बुझने की स्थिति में फायर सर्विस केंद्र पर सूचना दी। दो घंटे बाद गांव पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। तब तक चार लोगों के छप्परों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
मंगलवार दोपहर चेतराम सक्सेना के परिवार के लोग खेत पर गए थे। घर पर एक महिला चूल्हे पर खाना बना रही थी। चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर पर गिर गई। तेज हवा के कारण आग ने जोर पकड़ लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक चेतराम के पड़ोसी बनारसी सक्सेना, दिनेश चंद्र तिवारी, कढ़ोरी लाल के घरों के बाहर रखे छप्परों को भी चपेट में ले लिया। तेजी से फैलती आग को देखर परिवार के लोगों के शोर मचाने और आग की लपटें देख गांव के अन्य ग्रामीण भी मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने स्थानीय संसाधनों से आग को बुझाने के लिए प्रयास किया लेकिन तेजी से फैलती आग के सामने उनके उपाय कम पड़ रहे थे। यह देख ग्रामीणों ने तत्काल किशनी स्थित फायर सर्विस केंद्र पर गांव में भीषण आग लगने की सूचना दी। छप्परों में आग लगने से उनके नीचे रखा कपड़ा, अनाज, बर्तन, चारपाई समेत हजारों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। सूचना के लगभग दो घंटा देरी से पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने तीन घंटे से अधिक समय पर आग पर काबू पाया। वहीं आग की खबर क्षेत्र में फैलते ही आसपास गांवों के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।