मैनपुरी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम जानने की परीक्षार्थियों में खासी उत्सुकता देखी गई। हाईस्कूल परीक्षा में पंजीकृत 57240 परीक्षार्थियों में से 49196 ने परीक्षा दी थी। इनमें से 43702 परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे। बोर्ड द्वारा दी र्गई तमाम रियायतों के बाद भी 5494 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे। अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों में से करीब 20 फीसदी परीक्षार्थी हिंदी विषय में अनुत्तीर्ण रहे। अधिकांश देहातों के विद्यार्थियों ने टॉप टेन सूची में स्थान बनाया। वहीं लड़कों की अपेक्षा लड़कियां आगे रहीं।
दोपहर 12:30 बजे परीक्षा परिणाम घोषित होना था और 12 बजे से ही कंप्यूटर सेंटरों पर परिणाम जानने वालों की भीड़ लगने लगी थी। तमाम कंप्यूटर सेंटरों के संचालकों ने हाईस्कूल परीक्षा परिणाम इंटरनेट पर दिखाने की व्यवस्था कर रखी थी। अधिकांश स्थानों पर इंटरनेट पर डेढ़ बजे के बाद ही परीक्षा परिणाम मिलना शुरू हो सका। इंटरनेट से मिलने वाली अंकतालिका में अंकों का योग नहीं आने से परीक्षार्थी और अभिभावक दिए गए विषयों के अंकों का जोड़ कर उत्तीर्ण प्रतिशत निकालते नजर आए।
इंटरनेट से डाउनलोड अंकतालिका को लेकर मेधावी छात्र-छात्राएं यह जानने का प्रयास करते नजर आए कि जिले में सर्वाधिक अंक किसने प्राप्त किए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार अच्छा परिणाम आने से विद्यार्थियों के चेहरे खिले नजर आ रहे थे। अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं एक दूसरे को बधाई देते नजर आए। कई इंटर कालेजों के प्रधानाचार्य भी यह जानकारी जुटाते रहे कि उनके कालेज का परिणाम कितने प्रतिशत रहा। जिले के कई कालेजों का परिणाम शतप्रतिशत रहने से उनके प्रधानाचार्यों में खुशी देखी गई।
00
परीक्षा परिणाम एक नजर में:
हाईस्कूल में कुल पंजीकृत विद्यार्थी 57240
परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी 49196
उत्तीर्ण परीक्षार्थी 43702
अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी 5494
हाईस्कूल परीक्षा के टॉप टेन परीक्षार्थी:
नाम उत्तीर्ण प्रतिशत कालेज का नाम
1- सुष्मिता राजपूत 96 हंस सर्वोदय इंका जीवनपुर
2- ममता बौद्ध 93.83 अवंतीबाई लोधी इंका जसनपुर
3- अलका सिंह 93.66 आदर्श राष्ट्रीय आवासीय कन्या इंका
4- प्रतिभा त्रिवेदी 92.66 आदर्श राष्ट्रीय आवासीय कन्या इंका
4- सौम्या अगिभनेहोत्री 92.66 एसएमएसएस इंका सोनासी
5- प्रगति कुमारी 92.50 दीनदयाल विद्या मंदिर सर्वा
5- प्रतीक्षा पटेल 92.50 आदर्श राष्ट्रीय आवासीय कन्या इंका
6- सुमित कुशवाह 92.33 आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय मैनपुरी
7- प्रिया यादव 92.16 आदर्श राष्ट्रीय आवासीय कन्या इंका
7- सृष्टि पालीवाल 92.16 राममनोहर लोहिया इंका किशनी
8- अनामिका 92 एमएसजीएम इंका कुसमरा
9- स्नेहा यादव 91.83 आदर्श राष्ट्रीय आवासीय कन्या इंका
10- आर्यन यादव 91.50 बीआरएसएस इंका चतुरीपुर
सुष्मिता ने किया मंडल में टॉप
सभी विषयों में विशेष योग्यता सहित पाए 96 फीसदी अंक
सिविल सर्विसेज में जाने की तमन्ना है सुष्मिता की
अमर उजाला ब्यूरो
मैनपुरी। हंस सर्वोदय इंटर कालेज जीवनपुर की छात्रा सुष्मिता राजपूत ने हाईस्कूल परीक्षा में 96 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में ही नहीं आगरा मंडल में टॉप किया है। सभी विषयों में विशेष योग्यता हासिल करने वाली सुष्मिता भविष्य में सिविल सर्विसेज में जाना की तमन्ना रखती है।
कुरावली रोड निवासी शिक्षक रामनिवास वर्मा की पुत्री सुष्मिता ने हिंदी में 96, अंग्रेजी में 96, गणित में 91, विज्ञान में 98, सामाजिक विज्ञान में 99 और कला में 96 अंक हासिल कर सभी विषयों में विशेष योग्यता प्राप्त की है। उसने ने 600 अंक के पूर्णांक में 576 अंक प्राप्त कर मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद को गौरवान्वित किया है। उसकी इस उपलब्धि पर पिता और मां मीना कुमारी खुशी से फूल नहीं समां रहे हैं। मां और पिता को अपना आदर्श मानने वाली सुष्मिता की तमन्ना सिविल सर्विसेज से अधिकारी बनने की है। बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि रखने वाली सुष्मिता का कहना है कि लगन और निष्ठा के साथ किया जाने वाला कार्य सफल जरूर होता है। उसने बताया कि कालेज के अलावा वह घर में चार-पांच घंटे परीक्षा की तैयारी करती थी। तैयारी के लिए उसने नोट्स बनाए थे।
ममता बनना चाहती है शिक्षक
मैनपुरी। हाईस्कूल परीक्षा में महारानी अवंतिबाई लोधी इंटर कालेज जसनपुर की ममता बौद्ध ने जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। ममता ने हाईस्कूल परीक्षा में 93.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। भोगांव क्षेत्र के ग्राम छाछा निवासी शिक्षक दुर्गापाल शाक्य की पत्नी ममता एक बेटी की मां भी हैं। ममता ने नन्हीं बेटी और घर के काम करने के दौरान भी हाईस्कूल परीक्षा की तैयारी की और अपनी मेहनत के बल पर 600 अंकों में से 563 अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। ममता की इस उपलब्धि पर घर में खुशी का माहौल है। परिवार के लोगों ने मिठाई खिलाकर ममता और आगे पढ़ने को प्रोत्साहित किया। ममता का कहना है कि वह आगे की पढ़ाई कर शिक्षक बनना चाहेगी।
अलका बनना चाहती है इंजीनियर
आदर्श राष्ट्रीय कन्या विद्यालय की छात्रा अलका सिंह ने 93.66 प्रतिशत अंक पाकर जिले में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। अलका आईआईटी से इंजीनियर बनना चाहेगी। हिंदपुरम कालोनी निवासी लेखपाल शैलेष कुमार की पुत्री अलका सिंह ने 93.66 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। अलका ने 600 अंकों में से 562 अंक प्राप्त किए हैं। अलका भविष्य में आईआईटी कर इंजीनियर बनना चाहती है। अलका की इस उपलब्धि पर मां शकुंतला बेहद खुश हैं। अलका अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मां, पिता और कालेज के शिक्षकों को देती है।