मैनपुरी। रेल यात्री किराए और माल भाड़ा बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस ने रेलवे स्टेशन पर धरना प्रदर्शन किया। कानपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस को रोककर कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ा किराया एवं मालभाड़ा वापस लेने की मांग की। बाद में रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को दिया।
रविवार को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में पूर्वाह्न करीब 11 बजे कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पहुंचे। यात्री किराया और माल भाड़ा बढ़ाने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। दोपहर 12:30 बजे स्टेशन पर पहुंची कानपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस के इंजन पर कांग्रेसी चढ़ गए और केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाते हुए करीब 15 मिनट तक ट्रेन को रोके रखा।
कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। अच्छे का सपना दिखाने वाले अब जनता को बुरे दिन दिखा रहे हैं। अभी तो शुरुआत भर है केंद्र सरकार अन्य आवश्यक वस्तुओं पर भी दाम बढ़ाने जा रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष रामशंकर तिवारी ने कहा कि रेल किराया और माल भाड़ा बढ़ाया जाना जन विरोधी कदम है। शहर अध्यक्ष इकरार इलाही ने कहा कि केंद्र सरकार आम आदमी को महंगाई की आग में झोंकने जा रही है। सरकार रसोई गैस की कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
सतीश यादव ने कहा कि महंगाई को लेकर यूपीए सरकार को घेरने वाले ही महंगाई पर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं। धरना प्रदर्शन में रामलड़ैते, शंकरलाल बाथम, सीताराम नैयर, मिथलेश दुबे, कात्यायनी देवी, संतोष यादव, अनिल गुप्ता, अरविंद यादव आदि शामिल थे। बाद में बढ़ा किराया और माल भाड़ा वापस लिए जाने की मांग से संबंधित रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह को भेंट किया गया।