मैनपुरी। शुक्रवार सुबह से दोपहर बाद तक हुई झमाझम बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोल दी। सड़कों में जगह-जगह हुए गड्ढों और बिजली की धंसी हुई डीपी इसकी गवाही दे रहे थे।
शुक्रवार को दो घंटे की बारिश में ही स्टेशन रोड पर इलाहाबाद बैंक के सामने नवनिर्मित सड़क धंस गई। उल्लेखनीय है कि इस सड़क को दो माह पूर्व ही बनाया गया है। सड़क धंसने आवागमन बाधित हो गया। बाद में जेसीबी से गड्ढे को भरवाया गया। वहीं स्टेशन रोड पर ही यूनियन बैंक के सामने अंडर ग्राउंड केबल के लिए लगी कई डीपी तेज बारिश में धंस गई। फाउंडेशन मजबूत न होने के चलते ऐसा हुआ। इसके अलावा शहर के अंदरूनी इलाकों और आगरा बाईपास पर भी तेज बारिश के कारण रोड के किनारे कई स्थानों पर बैठ गए।
विज्ञापन
जलभराव के चलते किया प्रदर्शन
मैनपुरी(मैनपुरी)। राधारमन रोड पर जलभराव के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यही स्थिति आगरा रोड के किनारे के मोहल्लों की हुई। घरों में घुटनों-घुटनों पानी भरने और गाड़ियों तक आधार डूबने से गुस्साए लोगों ने राधारमन रोड पर और आगरा रोड पर जाम लगा दिया। राधारमन रोड पर पशु चिकित्सालय के पीछे, जस्सी मोटर्स के पास की कालोनियों में जलभराव होने से बारिश के दौरान ही लोगों ने जाम लगा दिया। इस पर पालिका अधिकारियों ने जेसीबी मंगाकर राधारमन रोड को खुदवाकर पानी की निकासी करवाई। इसके बाद जलभराव से मुक्ति मिलने पर ही लोगों ने जाम खोला। इस दौरान लगभग ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस कर्मियों ने समझाने की कोशिश की लेकिन लोग नहीं माने। वहीं आगरा रोड पर दोपहर में लोगों ने जलभराव के विरोध में जाम लगा दिया। बाद में एसडीएम सदर एसएन यादव के समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया।