कुरावली(ब्यूरो)। एक नर्सिंग होम में सिजेरियन आपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिवारीजनों और ग्रामीणों ने जमकर बवाल किया और नर्सिंग होम में तोड़फोड़ भी की। इसके बाद ग्रामीणों ने जीटी रोड पर डेढ़ घंटे तक जाम लगाया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। जानकारी पर पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने पर दोपहर में ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। शाम को फिर गांव की महिलाओं ने नर्स़िग होम पहुंच कर तोड़फोड़ की। पुलिस ने महिलाओं को समझा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम सुजरई निवासी सनी की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। सनी की पत्नी अल्का (20) को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार को रात तीन बजे परिवारीजन कुरावली ले गए। सनी का आरोप है कि जीटी रोड स्थित एक नर्सिंग होम की डाक्टर ने उससे आपरेशन के नाम पर 20 हजार रुपये जमा कराए। अलका का आपरेशन कर दिया। आपरेशन के बाद अलका ने एक बालक को जन्म दिया। इसकी एक घंटे बाद ही मौत हो गई। लापरवाही से किए आपरेशन के बाद से ही अलका की हालत बिगड़ने लगी। सुबह छह बजे डाक्टर ने गंभीर हालत बताते हुए आगरा ले जाने की सलाह दी। वह अलका को आगरा ले गए तो डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवारीजन और ग्रामीण अलका के शव को लेकर कुरावली पहुंचे तब तक नर्सिंग होम की संचालिका फरार हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने नर्स़िग होम में तोड़फोड़ की और जीटी रोड पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक जाम लगे रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। जानकारी होने पर थाना कुरावली, थाना बिछवां, थाना घिरोर, महिला थाना और थाना औंछा की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के रिपोर्ट दर्ज करने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। शव को विच्छेदन के लिए भेजा। शाम पांच बजे के लगभग आधा सैकड़ा से अधिक महिलाएं पुन: नर्स़िग होम पर पहुंच गईं। वहां फिर से तोड़फोड़ की। पुलिस ने महिलाओं को समझा कर उन्हें वापस भेजा। घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।