मथुरा। शुल्क प्रतिपूर्ति के घालमेल में जिले में एक नया घपला पकड़ में आया है। फरह स्थित उन्नति इंस्टीट्यूट ने फर्जीवाड़ा कर 2.02 करोड़ रुपये शुल्क प्रतिपूर्ति के हासिल कर लिए। इस मामले में सचिव समाज कल्याण ने इंस्टीट्यूट प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट और आरसी जारी करने के आदेश दिए हैं।
जनपद में शुल्क प्रतिपूर्ति को लेकर करोड़ों का घपला हुआ है। इस घपले में जिले के करीब एक दर्जन तकनीकी संस्थान शामिल हैं। यह मामला भले ही अभी जांच में उलझा हो, लेकिन फरह स्थित उन्नति इंस्टीट्यूट का घपला सामने आ गया है। इसमें बीफार्मा की मान्यता पर अन्य कोर्सेज के प्रवेश लेते हुए फर्जी तरीके से शुल्क प्रतिपूर्ति के रूप में समाज कल्याण विभाग से 2.40 करोड़ रुपये हासिल किए।
तत्कालीन डीएम संजय कुमार के आदेश पर हुई इसकी जांच में तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी और तत्कालीन डीआईओएस की जांच में 2.02 करोड़ का फर्जीवाड़ा सामने आया है। इसकी जांच रिपोर्ट के बाद सचिव एके कौशिक ने निदेशक प्रो. वीके राय को प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने तथा आरसी जारी करने के निर्देश दिए हैं।