मथुरा। गर्मी में जिले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। देहात के साथ शहरी क्षेत्र में अंधाधुंध कटौती की जा रही है। गुरुवार को शहरी क्षेत्र में दिन में ही करीब 10 घंटे की कटौती की गई।
गुरुवार को भोर होते ही शहर के अधिकांश इलाके को बिजली से वंचित कर दिया गया। करीब पांच बजे शुरू हुआ कटौती का दौर तीन घंटे तक चला। इसके बाद लोकल फॉल्ट और फीडर स्तर से की गई कटौती ने लोगों को रुला दिया। मसानी, कृष्णा नगर, जयगुरुदेव, कैंट, बंगालीघाट और राजीव भवन 33 केवीए सब स्टेशन से संबंधित क्षेत्रों में कभी एक घंटे तो कभी डेढ़ से दो घंटे बिजली गुल हुई। शहरी क्षेत्र में बिजली कटौती का ये दौर दिनभर चला। इससे होलीगेट, छत्ता बाजार, जनरलगंज, आर्य समाज रोड, कोतवाली रोड, आगरा रोड, डैंपियर नगर में जेनरेटर घनघनाते रहे। इस दौरान कुछ घंटे बिजली की आपूर्ति होने के बाद दोपहर दो बजे एक बार फिर बिजली चली गई। इस बार शाम छह बजे के बाद बिजली आई।
चेकिंग में बिजली की चोरी पकड़ी
मथुरा। उपखंड अधिकारी मीटर सीवी वर्मा के नेतृत्व में विद्युत विजिलेंस का अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। इस दौरान छत्ता बाजार स्थित प्रेमनारायण अग्रवाल की दो दुकानों में मीटर में छेड़छाड़ मिली। उपभोक्ता से 30 हजार रुपए का शमन वसूला गया। कृष्णापुरी में दो घरों में कनेक्शन के बावजूद सीधे बिजली का उपयोग पकड़ा गया। इन दोनों उपभोक्ताओं से 28 हजार का शमन वसूला गया है।