मथुरा। परिक्रमा करने आने वाले श्रद्धालुओं की तबीयत नासाज होने पर इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। परिक्रमा मार्ग चिकित्सकों की मोबाइल टीम परिक्रमार्थियों की सेहत का ख्याल रखेगी। इसके लिए 15 स्थानों पर लगे बूथों पर डॉक्टरों की टीम हॉस्पिटल वार्ड की सुविधाओं के साथ सुलभ रहेगी।
इस पूरे अभियान को एसीएमओ डा. एसके जैन कंट्रोल करेंगेे। उनके निर्देशन में परिक्रमा मार्ग में बनने वाले 15 बूथ 18 जुलाई से अस्तित्व में आ जाएंगे और 23 जुलाई तक कार्य करेंगे। इन पर एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। सभी बूथों पर ऑक्सीजन सिलेंडर, ड्रिप और जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनका कंट्रोल रूम गोवर्धन सीएचसी पर बनाया गया है।
यहां बनेंगे बूथ
- रोडवेज बस स्टैंड
- तीर्थ विकास ट्रस्ट
- आन्यौर
- सीएचसी पूंछरी
- बाल कृष्ण जतीपुरा
- जापानी धर्मशाला
- पंचमुखी हनुमान
- उद्धव कुंड
- गौरा धाम
- कुसुम सरोवर
- मानसी गंगा
- दानघाटी
- लवानियां पेट्रोल पंप
- सीएचसी गोवर्धन
- पुरानी पीएचसी
बूथों पर श्रद्धालुओं को सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं इमरजेंसी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी चिकित्सक, स्टॉफ, आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
- डा. मुनीष सिंह पौरुष, प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोवर्धन।