मथुरा। स्थानांतरण के खेल में गुरुजी की सेटिंग काम आई और वो मनमाफिक विद्यालय में स्थानांतरण पाने के इरादों में सफल रहे। वहीं विद्यालय में शिक्षक आने की आस लगाए बैठे छात्रों के अरमान पूरे नहीं हो सके और वो परीक्षा देने की कगार पर पहुंचने से पहले ही विद्यालय पर ताला लटकने से फेल हो गए। शासनादेश दरकिनार कर शिक्षकों के मनमाफिक स्थानांतरण से जनपद की बेसिक शिक्षा व्यवस्था बेहाल हो गई है। बच्चों के शिक्षा के अधिकारी अधिनियम की धज्जियां उड़ रही हैं। आलम यह है कि कुछ विद्यालयों में शिक्षक न होने से ताला लटक गया है तो कुछ में शिक्षकों की भरमार है।
जिले की बेसिक शिक्षा व्यवस्था बदहाली की स्थिति से गुजर रही है। पिछड़े ब्लॉकों में स्थित विद्यालयों में शिक्षकों के टोटे के चलते नौनिहालों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। यह जानकर भी शिक्षा विभाग अनजान बना है। इसी की बानगी हाल ही में जिले में हुए करीब एक सैकड़ा शिक्षकों के स्थानांतरण में देखने को मिली। इसमें पिछडे़ ब्लॉक में पांच साल की अनिवार्यता को धता बताते हुए अनेक शिक्षक सामान्य ब्लॉक भेज दिए गए। इतना ही नहीं, जिन विद्यालयों में पूर्व से ही विज्ञान शिक्षक तैनात हैं, वहां भी और विज्ञान शिक्षकों को तैनात कर दिया गया। वहीं रोड किनारे के उन विद्यालयों में भी बड़ी संख्या में शिक्षकाें को स्थानांतरित किया गया, जहां पहले से ही शिक्षकों की भरमार है। स्थानांतरण के इस खेल में मनमाफिक विद्यालय में तैनाती की मोटी कीमत शिक्षकों द्वारा चुकाए जाने की चर्चा है।
---------------------------------
केस-1 मांट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला फार्म में 120 बच्चों पर पहले से ही तीन शिक्षक और एक शिक्षा मित्र तैनात था। अब यहां चौमुंहा ब्लॉक के नगला पूरिया से एक और शिक्षक की तैनाती कर दी गई है। इससे नगला पूरिया प्राथमिक विद्यालय एकल हो गया है।
केस-2 गोवर्धन ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर में तैनात विज्ञान शिक्षक का स्थानांतरण जचौदा कर दिया गया है। यहां पहले से ही विज्ञान शिक्षक तैनात था। अब जचौंदा में दो विज्ञान शिक्षकों की तैनाती हो गई है, जबकि दौलतपुर विज्ञान शिक्षक विहीन हो गया है।
केस-3 मांट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कूपगढ़ में 30 बच्चों के पंजीकरण पर दो शिक्षक और एक शिक्षा मित्र कार्यरत थे। यहां ताजा स्थानांतरण प्रक्रिया में इन 30 बच्चों पर ही एक और शिक्षक भेज दिया गया है।
केस-4 फरह ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालयनगला फर्स से एक शिक्षक का स्थानांतरण इसी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ओल में किया गया है। अब इस स्थानांतरण से नगला फर्स प्राथमिक विद्यालय बंद हो गया है।
शिक्षक नेताओं ने धोए हाथ
स्थानांतरण के खेल में शिक्षक नेता भी हाथ धोने से पीछे नहीं रहे। सूत्रों के अनुसार कुछ शिक्षक नेताओं ने मामले में मुंह न खोलने की कीमत अपने एक-दो शिक्षक के स्थानांतरण अपने मनमाफिक कराने के रूप में हासिल की है।