मथुरा। तुकलकाबाद अशोदा डिपो से पेट्रोल लेकर आ रही मालगाड़ी के वैगन लीक हो गए। भूतेश्वर स्टेशन पर खड़ी ट्रेन से बहते पेट्रोल को भरने के आसपास की कालोनियों के लोग दौड़ पड़े। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लीकेज को नियंत्रित कर मालगाड़ी को रवाना किया गया।
तुकलकाबाद अशोदा डिपो से पेट्रोल के वैगन के साथ निकली मालगाड़ी दोपहर करीब साढे़ बारह बजे भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पहुंची। सिग्नल क्लियर न होने के कारण इसे भूतेश्वर स्टेशन पर रोक दिया गया। खड़ी मालगाड़ी के कुछ वैगन से तेल निकलते देख लोगों में तेल भरने की होड़ मच गई। लोगों को बर्तनों में तेल भरते देख गार्ड श्याम बाबू ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। तेल की लूट का यह सिलसिला करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस दौरान आरपीएफ की भूमिका तमाशबीन की रही।
कंट्रोल की सूचना पर मालगाड़ी को भूतेश्वर से मथुरा जंक्शन ले जाया गया। यहां प्लेटफार्म एक-दो के बीच की लाइन में मालगाड़ी को खड़ा कर इंजीनियरों की मदद से नियंत्रित करने की कोशिश की गई, लेकिन आधा घंटे से भी अधिक समय की मशक्कत के बाद भी विभागीय इंजीनियर पूरी तरह से कामयाब नहीं हो सके। आखिरकार रिफाइनरी की मदद के लिए मालगाड़ी को बाद रेलवे स्टेशन की ओर रवाना कर दिया गया। यहां लीकेज को नियंत्रित कर मालगाड़ी को रवाना किया गया।