मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र में अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर-ट्राली के चालक की एक स्कूटर से टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटर सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
गोविंद नगर क्षेत्र के चौक बाजार हनुमान टीला निवासी 45 वर्षीय खलीक अहमद थाना बरसाना के गांव सहार के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। वे मंगलवार दोपहर एक बजे स्कूटर द्वारा सहार से घर लौट रहे थे। थाना गोविंद नगर क्षेत्र में मसानी रोड पर कान्हा माखन स्कूल के निकट सामने से रेलवे का लोहा लेकर आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली उनसे टकरा गई। हादसे में वह पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
--------
पांच माह पूर्व ही लगी थी नौकरी
मथुरा। हनुमान टीला निवासी शिक्षक खलीक अहमद की पांच माह पूर्व ही नौकरी लगी थी। 45 वर्षीय खलीक की 20 जनवरी को गांव सहार में ज्वाइनिंग कराई गई थी।