मथुरा। सीडीओ के समक्ष पुटअप करने के लिए भेजी गई अर्थ एवं सांख्यिकी कार्यालय की नवाचार योजना की फाइल गायब हो गई। इस फाइल में ग्रामीण इलाकों में हुए विकास कार्यों, खासकर इंटरलॉकिंग, खड़ंजों व गांवों में जनसंख्या के आधार पर वितरित किए जाने वाले धन का विवरण था।
ग्रामीण विकास की योजनाओं के लिए आने वाले धन व उसके जनसंख्या के आधार पर अर्थ एवं सांख्यिकी कार्यालय द्वारा सीडीओ को भेजी जाने वाली रिपोर्ट की मूल पत्रावली की फाइल सीडीओ ने एक सप्ताह पूर्व मंगाया था। इसमें कुछ गांवों में हुए विकास कार्यों में धन आवंटन को लेकर शिकायत व विकास कार्य न कराए जाने सहित कई जांच के बिंदु थे। अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सरिता सिंह ने बुधवार को इस फाइल का निरीक्षण किया और फाइल गुरुवार को सीडीओ के समक्ष पुटअप करने को अधीनस्थ कर्मचारियों को दे दी। गुरुवार सुबह जब वह फाइल सीडीओ ने मंगाई तो मूल पत्रावली वाली फाइल कार्यालय से गायब थी। पूरे दिन खोजबीन के बाद मामले से सीडीओ को अवगत कराया। इस पर सीडीओ ने कर्मचारियों की क्लास ली और बाद में इस मामले में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा।
इस मामले में अर्थ संख्या अधिकारी कार्यालय से चार कर्मचारी शाम को थाना सदर बाजार पहुंचे और पुलिस को फाइल चोरी की तहरीर दी। बताया कि फाइल में पूर्व के दर्जनों गांवों में हुए इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण व अन्य विकास कार्यों से जुड़ी पत्रावलियां थीं। एसओ सदर ने बताया कि फाइल गुम होने की तहरीर मिली है।