मथुरा। सौंख रोड स्थित दिल्ली की एक शिक्षण संस्थान के एक करोड़ 18 लाख रुपये मथुरा के चार लोगों ने हड़प लिए। बैंक में जमा करने को दी गई रकम को उन्होंने बैंक में जमा नहीं किया और फर्जी कागजात बनाकर प्रस्तुत कर दिए।
थाना हाईवे में दर्ज कराई रिपोर्ट नई दिल्ली के प्रेम नगर निवासी दीपक खंडेलवाल ने बताया है कि उनका सौंख रोड पर सिम्बोसिस नाम से स्कूल है। यह उनके सिवाइलसिस एजुके शन चेरिटेबल ट्रस्ट साईं रोड नई दिल्ली द्वारा संचालित है। संस्था में कोतवाली क्षेत्र की मंशापुरी कालोनी निवासी अमर जीत सिंह कर्मचारी था। 10 सितंबर 2011 से लेकर 21 नवंबर 2012 तक अमर जीत और उसके तीन साथियों को बैंक में जमा करने के लिए संस्था के एक करोड़ 18 लाख रुपये दिए गए। आरोप है कि चारों ने यह रकम बैंक में जमा नहीं की।
दीपक खंडेलवाल ने बताया कि जब इस मामले की जानकारी चाही और पैसे जमा न करने की बाबत पूछा तो अमरजीत मारपीट पर उतारू हो गया। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी दी। एसओ हाईवे ने बताया कि रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई है।