मऊ। छात्रवृत्ति न मिलने के विरोध में सोमवार को डीसीएसके पीजी कालेज के छात्रों ने जिला समाज कल्याण अधिकारी का पुतला फूंका। जमकर नारेबाजी की। छात्रों और पुलिस प्रशासन के बीच झड़प भी हुई। तीन दिन में छात्रवृत्ति खाते में नहीं आने पर अनशन की चेतावनी दी।
जुलाई बीतने को है, लेकिन अभी तक छात्रों के खाते में छात्रवृत्ति की धनराशि नहीं भेजी जा सकी है। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज छात्र सड़क पर उतर गए। छात्र प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कालेज तिराहे पर जिला समाज कल्याण अधिकारी का पुतला फुंकने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने पुतला छीन लिया। इस पर छात्र उग्र हो गए और नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने पुतला वापस कराकर मामला शांत कराया। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि नया सत्र शुरू हो गया है लेकिन छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई है। छात्रवृत्ति कब तक खाते में आएगी, कोई बताने को तैयार नहीं है। अगर तीन दिनों के अंदर छात्रवृत्ति खाते में नहीं भेजी गई तो अनशन करेंगे। इस दौरान आरिफ अंसारी, शहनवाज आलम, विशाल सिंह, आलोक सिंह, मयंक राय, रोहित सिंह, लक्ष्मण पुरी आदि शामिल थे।