मऊ। ‘मऊ टर्मिनल शेड’ निर्माण पर 14 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च होगा। रेल बजट 2012-13 की घोषणा पर सरकार की स्वीकृति मिल गई है। टर्मिनल के विकास के लिए इंजीनियरिंग, यांत्रिकी, विद्युत और सिग्नल व दूर संचार विभागों द्वारा कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही 26 कोच की लंबाई वाला आधुनिक वाशिंग पिट बनाया जाएगा।
टर्मिनल शेड का शिलान्यास बुधवार को रेल राज्य मंत्री अधीर रंजन चौधरी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद घोसी दारा सिंह चौहान करेंगे। प्रचार निरीक्षक हिमांशु राव ने बताया कि सवारी टर्मिनल का निर्माण होने से क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी। इससे यहां के लोगों के बेहतर आवागमन की सुविधा के लिए लंबी दूरी की अतिरिक्त गाड़ियों का संचालन संभव हो जाएगा। टर्मिनल बनने के बाद कई प्रकार के निर्माण कार्य कराएं जाएंगे। इनमें फुल लेंथ 686 मीटर की स्टेबलिंग लाइन एवं 250 मीटर का स्पेयर लाइन का निर्माण होगा। दो लाइनें वाले सिक लाइन, सवारी डिब्बा टर्मिनल तथा 35 मीटर कवर्डशेड के साथ 150 मीटर लंबी लाइन का निर्माण होगा। गाड़ियों के वाटरिंग के लिए डेडिकेटेड वाटर टैंक, खुरहट की ओर 600 मीटर शंटिंग नेक, डबल स्टोरी सवारी माल डिब्बे का डिपो कार्यालय और इंदारा साइड में समाडि () कार्यालय की ओर संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। टर्मिनल में अत्याधुनिक मैकनाइज्ड लांड्री लगाने का भी प्रावधान है। इससे ट्रेनों में साफ सुथरे बेड रोल यात्रियों को मुहैया कराया जा सके।
रेल राज्यमंत्री के कार्यक्रम को हथियाने की होड़
बसपा और कांग्रेस में कार्यक्रम को अपना बनाने की जद्दोजहद
मऊ। रेलवे स्टेशन पर बुधवार को टर्मिनल का शिलान्यास कार्यक्रम यूं तो पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा आयोजित है लेकिन बसपा इसका श्रेय सांसद दारा सिंह चौहान को देने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भी सांसद ही करेंगे।
टर्मिनल शिलान्यास कार्यक्रम को चुनावी बनाने के लिए बसपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। रेलवे स्टेशन परिसर नीलामय हो गया है। जो फलेक्श लगाए गए हैं उसमें सांसद तथा बसपा सुप्रीमो मायावती का ही फोटो है। रेल राज्य मंत्री तक का फोटो नहीं छापा गया है। दूसरी ओर रेल राज्यमंत्री के कार्यक्रम को कांग्रेस मय बनाने की होड़ में जुटी कांग्रेस के झंडा बैनर का कहीं अता पता नहीं है। हालांकि बुधवार के कार्यक्रम में स्टेशन पर कांग्रेसी भी पूरे जोश केे साथ मौजूद रहेंगे। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा छपवाए गए आमंत्रण पत्र में किसी कांग्रेसी का नाम नहीं है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. सुधा राय की ओर से कार्यक्रम में कांग्रेसियों के जुटने की अपील की गई है। इसके लिए वाहन से पूरे जिले में प्रचार करवाया गया है। डा. सुधा राय मऊ रेलवे के विकास में अपने पति स्व. कल्पनाथ राय का योगदान बताती हैं। रेलवे सूत्रों से पता चला है कि रेल राज्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर मुख्य रूप से वही लोग जा पाएंगे जिन्हें अधिकृत रूप से आमंत्रित किया गया है। रेल के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम को किसी भी कीमत पर राजनीतिक रंग नहीं होने दिया जाएगा।