आजमगढ़। जीयनपुर नगर पंचायत के ईओ ने सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक अभयनरायन पटेल पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। ईओ ने जिले के आला अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव को पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की है। सपा विधायक का कहना है कि ईओ के स्थानांतरण के लिए उन्होंने नगर विकास मंत्री आजम खां को पत्र लिखा था। मामले की जांच शुरू होते ही ईओ अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं।
ईओ धुरंधर सिंह मूलरूप से देवरिया जिले के लार कस्बे के निवासी हैं। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्रमुख सचिव नगर विकास, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र के अनुसार आठ दिसंबर को तबीयत खराब होने पर ईओ इलाज कराने के लिए अपने घर गए थे। इस बीच रात आठ बजे सपा विधायक अभयनरायन पटेल का उनके मोबाइल पर फोन आया। आरोप है कि अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए विधायक ने कहा मेरे आदमियों को ठेका नहीं दिया। अब तुम्हें यहां रहने नहीं दिया जाएगा। मेरे आदमी तुम्हारी हत्या कर लाश ठिकाने लगा देंगे। इससे भयभीत ईओ ने पत्र में कहा कि जीयनपुर में अब नौकरी करने लायक नहीं रह गया है। विधायक किसी भी समय हत्या करवा सकते हैं।
इधर, विधायक अभयनरायन पटेल का कहना है कि जीयनपुर की जनता की शिकायत पर उन्होंने इस साल 22 मई को ईओ केस्थानांतरण के लिए नगर विकास मंत्री आजम खां को पत्र लिखा था। इस संबंध में जांच की जा रही है। पटेल ने बताया कि आठ दिसंबर को उन्होंने ईओ को फोन किया तो वह गाली-गलौज करने लगे। कहा कि कौन बोल रहे हैं। मैंने कहा विधायक अभयनरायन बोल रहा हूं। तब ईओ माफी मांगने लगे। विधायक ने कहा कि जांच शुरू होने से बौखलाए ईओ मेरे खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।