घोसी। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए केंद्र सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय राजीव गांधी खेल अभियान के तहत सभी ब्लाकों में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराएगा। इसके तहत सभी ब्लाकों से 5-6 एकड़ जमीन सरकारी जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों को आठ अगस्त को पत्र लिखा गया है। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण में एक करोड़ साठ लाख रुपये खर्च होंगे। इस धनराशि को केंद्र सरकार वहन करेगा जबकि भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी उप्र सरकार की होगी। डीएम ने घोसी सहित जिले के ब्लाकों पर तैनात क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक रक्षक दल अधिकारियों से जमीन उपलब्धता के संदर्भ में आख्या मांगी है।
मऊ जिले के प्रभारी युवा खेल अधिकारी बाबू लाल ने बताया कि जनपद के सभी नौ ब्लाकों में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण होगा। इसके लिए 5-6 एकड़ सरकारी जमीन की जरूरत है। ब्लाक रक्षक दल अधिकारी इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। बताया कि स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में इन डोर आउटडोर खेल जैसे बैडमिंटन, टेवल टेनिस, बाक्सिंग, कुश्ती, वालीबाल, फुटबाल आदि खेल की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कहा कि वर्ष 2014-15 में दो ब्लाक क्षेत्रों में इसके निर्माण का लक्ष्य है। अगले पांच वर्ष में सभी ब्लाकों में इसका निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि जिले के कोपागंज, अमिला, मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक से जमीन का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। बताया कि यदि ब्लाक मुख्यालय शहरी क्षेत्र में हैं तो वहां दो किमी दूर भी जमीन हासिल की जा सकती है। कहा कि भूमि का चयन होने के बाद इसका पंजियन राजस्व विभाग के अभिलेख में युवा कल्याण विभाग के नाम से होगा। सारे कागजात केंद्र सरकार युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति के बाद बजट जारी होगा। बताया कि फिलहाल इस जिले के दो ब्लाकों में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनने की प्रक्रिया लगभग पूरी है।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए एक मास्टर ट्रेनर तथा ट्रेनरों की नियुक्ति होगी। जिले में ब्लाक स्तर पर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनने का खेल प्रेमियों ने स्वागत किया है। कहा कि अब प्रशिक्षण तथा सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण खेल प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ नहीं पाती थीं। अब ऐसा नहीं होगा। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।