मऊ। जिले में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य महकमा भी केवल कागजों पर ही रोकथाम के उपाय किए हुए है। शहर के हरपुर डोम बस्ती में कई दिनों से डायरिया के प्रकोप में दर्जनों लोग आ गए हैं। एक किशोर की मौत भी हो गई है। बावजूद स्वास्थ्य महकमा चेत नहीं रहा है। सीएमओ से शिकायत के बावजूद भी मौके पर चिकित्सकीय टीम नहीं गई है। ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से मासूम, किशोर और बुजुर्गोें पर संक्रामक रोगों का कहर बरप रहा है। स्वास्थ्य विभाग भी हाथ पर हाथ धरे बैठा हुआ है। नतीजन लोगों की मौतें हो रही हैं। शहर के हरपुर में डायरिया के चलते दर्जनों घरों में लोग बीमार चल रहे हैं। शिवमुनी, मेवा, संजय समेत कई घरों में परिजन बीमार पड़े हैं। हालत गंभीर होने पर संजय का 14 वर्षीय पुत्र गोविंदा की मौत भी हो गई है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने के बाद भी मौके पर अभी तक चिकित्सकों की टीम नहीं गई। गांव की बिगड़ती हुई स्थिति को देखकर लोगों ने बुधवार को लिखित शिकायत सीएमओ से किया है। ग्रामीणों ने चेताया है कि अगर विभाग की ओर से बचाव के लिए चिकित्सकों की टीम नहीं गई इसका खामियाजा विभाग को ही भुगतना पड़ेगा।