मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के भुजही व सहाबुद्दीनपुर गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक दारोगा समेत तीन लोगों के घरों को खंगाल डाला। इस दौरान नगदी सहित लाखों के जेवरात पर हाथ साफ करने के साथ ही चोर घर में रखी दारोगा की एक नाली बंदूक भी लेते गए। घटना की जानकारी लोगों को सुबह हुई। पीडि़तों ने कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं एकाएक हुई चोरियों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सहाबुद्दीनपुर गांव निवासी दीनानाथ राय पुत्र सरजू राय मऊ पुलिस लाइन में दारोगा पद पर तैनात हैं। सोमवार की रात छत के रास्ते उनके घर में घुसे चोर कमरे में रखी अटैची व बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे किसान विकास पत्र, लाखों के जेवरात, दस हजार रुपए नगद तथा घर में रखी एक नाली बंदूक चुरा ले गए। गांव से दो सौ मीटर दूर भुजहीं गांव में भी चोरों ने अरविंद राय पुत्र सुरेंद्र राय के घर से 20 ग्राम सोने की चेन, एक अंगूठी और कपड़े सहित नगदी उड़ा दी। इसी गांव के गिरीश राय पुत्र जनार्दन राय के मकान के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने कपड़े, सोने की चेन, सोने की चूड़ी, झुमका तथा अंगूठी सहित 20 हजार रुपये नगद चुरा ले गए। चोरी की जानकारी लोगों को सुबह सोकर उठने पर हुई। गांव से कुछ दूर टूटे बक्से और सामान बिखरे मिले। इस बारे में पीडि़तों ने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल भैयालाल सिंह ने मौका मुआयना किया। दीनानाथ की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।