मऊ। कांग्रेस पार्टी कार्यालय बकवल में सोमवार को कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान एक प्रस्ताव बनाकर कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष डा. सुधा राय के नेतृत्व में जिले की सभी 98 न्याय पंचायतों में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन किया जाएगा। बुनकरों, किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूरे जिले में प्रदर्शन किया जाएगा।
डा. सुधा राय ने कहा कि कांग्रेस जन संगठन की मजबूती के लिए युद्ध स्तर पर लगकर अपने अपने तरीके से संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। कांग्रेसियों के अंदर किसी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। कार्यकर्ताओं में महत्वकांक्षाएं बढ़ती है तो संगठन मजबूत होता है। कहा कि जिले में हो रही अघोषित बिजली कटौती, सड़क, स्वास्थ्य, खाद एवं सिंचाई के सरकारी ट्यूवेलों के खराब होने की शिकायतें आ रही हैं। राज्य कताई मिल परदहां चालू कराने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे।
विभिन्न मांगों से संबंधित जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर मुख्य रूप से पीसीसी सुरेश बहादुर सिंह, रवींद्रनाथ त्रिपाठी, घनश्याम सहाय, रामप्यारे यादव, मुश्ताक अली, सीमा परवीन, रवि प्रकाश सिंह, दीनानाथ यादव, जनमेजय सिंह, निरंजन गुप्ता, अनिल कुमार सिंह, सुरेश राजभर, प्रदीप कुमार सिंह, वीरेंद्र तिवारी, धनंजय सिंह, महेंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।