रतनपुरा। बाजार के पश्चिमी छोर पर राजभर बस्ती के समीप लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर गुरुवार को तड़के चार बजे दो ट्रकों की भिड़ंत में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। उनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
बुधवार की सायं से ही एक ट्रक राजभर बस्ती के समीप खड़ा था। गुरुवार की भोर में चार बजे के करीब गोरखपुर से बक्सर जा रहे ट्रक ने खड़े ट्रक में पीछे से धक्का मार दिया। इससे टक्कर मारने वाले ट्रक में सवार लक्षमन चौहान पुत्र श्रीमत नारायण निवासी रेवतीपुर थाना सुहवल गाजीपुर, चंद्रभूषण पुत्र सुग्रीव व शिवदयाल पुत्र पूजन यादव निवासी जल्लापुर थाना नोनहरा गाजीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा में भर्ती कराया जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पाकर घायलों के परिजन भी पहुंच गए थे। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।