दोहरीघाट। रामपुर धनौली गांव के समीप आजमगढ़ मार्ग पर बुधवार को किसी वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक छटपटाने लगा। स्थानीय लोग उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक बड़हलगंज से किसी कार्य के लिए आजमगढ़ जा रहा था।
और पढ़ें
गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मुहालजलकर महराजगंज मुहल्ला निवासी 40 वर्षीय संतोष साहनी पुत्र बेंचू गुजरात में निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह किसी कार्य से आजमगढ़ जा रहा था। अभी वह रामपुर धनौली गांव के पास पहुंचा था कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया और भाग निकला। कुछ देर बाद उसे छटपटाते देख मौके पर जुटे लोगों ने 108 नंबर डायल कर एंबुलेंस मंगवाया और उसे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर सूचना पाकर उसके परिजन भी आ गए थे। पत्नी सरोज और उसकी दो पुत्रियां शिवांगी और प्रीति का भी रोते-रोते बुरा हाल था।