मेरठ। चौ. चरण सिंह यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को कुलपति कार्यालय में दो धरने प्रदर्शन हुए। बीपीएड सत्र 2010-11 के छात्रों ने परीक्षा की मांग को लेकर धरना दिया और हंगामा भी किया। कुलपति का कहना है कि जिन छात्रों के स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट सही हैं, उन्हीं की परीक्षा कराई जाएगी। उधर, हॉस्टल के छात्र खाने की गुणवत्ता और डाइट खर्च बढ़ाने के विरोध में मिले। कुलसचिव ने समस्या का समाधान करने के लिए तीन दिन का वक्त मांगा है। परीक्षा की मांग करने वाले बीपीएड सत्र 2010-11 के ये वो छात्र हैं, जिनके सर्टिफिकेट की जांच चल रही है। कुलपति विक्रम चंद्र गोयल का कहना है कि काफी संख्या में सर्टिफिकेट गलत निकले हैं। जिस अथॉरिटी ने वो जारी किए हैं, उनसे सत्यापन कराया जा रहा है। जिनके सर्टिफिकेट सही होंगे, उनकी परीक्षा कराई जाएगी। बुधवार तक विवि मामले को साफ कर देगा। वेबसाइट पर पात्र छात्रों की सूची डाल दी जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में मोनू तोमर, फतेह सिंह, जितेंद्र, रजनीश, सविता, रीता और शीतल आदि शामिल रहे।
हॉस्टल छात्रों का विरोध
उधर डाइट खर्च बढ़ाने का हॉस्टलर विरोध कर रहे हैं। इस बारे में शुक्रवार को आयुष पंवार के नेतृत्व में छात्र कुलपति कार्यालय पहुंचे। छात्रों ने डाइट खर्च 55 रुपये से 65 रुपये करने का विरोध किया। खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़ा करते हुए मेस संचालक बदलने की मांग की। छात्र इस बारे में एफसी से भी मिले। कुलसचिव ओम प्रकाश ने सोमवार तक का वक्त मांगा है। प्रदर्शन करने वालों में राजदीप विकल, सोनू, रोहित, विक्रम, हर्षित, केशव सिंह और अनुज छोकर शामिल रहे।