मवाना। शनिवार को नगर के कृषक इंटर कालेज स्थित स्टेडियम में शिक्षा विभाग द्वारा मंडल विद्यालयीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कई जिलाें की टीम ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच मेरठ की टीम ने जीता।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक शिवकुमार ओझा, कार्यक्रम अध्यक्ष एसडी सदर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. ओमपाल सिंह, प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार एवं प्रबंध समिति अध्यक्ष भंवर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कई जिलों से आए प्रधानाचार्यों और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। वॉलीबाल प्रतियोगिता का पहला मैच गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद की टीम के बीच खेला गया, जिसमें विजयी गाजियाबाद की टीम का दूसरा मैच मेरठ की टीम से हुआ। जिसमें मेरठ की टीम विजयी रही। बागपत की टीम ने बुलंदशहर की टीम को हराया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच मेरठ और बुलंदशहर की टीम के बीच खेला गया। जिसमें कड़े मुकाबले के बाद मेरठ की टीम ने विजय प्राप्त की। विजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि शिव कुमार ओझा ने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि लेने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम अध्यक्ष डा. ओमपाल सिंह ने कहा कि छात्रों को अपने कार्य समय पर अनुशासन में रहकर समयबद्ध एवं मेहनत से कर अच्छे नागरिक बनना चाहिए। इस मौके पर हरि ओम शर्मा, नित्यानंद शर्मा, रामपाल सिंह, रोहताश सिंह, हरिओम त्यागी, विनोद कुमार, ओमवीर सिंह, रामधन, नीरा तोमर, ओमवती वर्मा आदि प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।