मेरठ/दौराला। कड़ाके की ठंड शुरू होने के बावजूद नगर निगम की कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। न ही तहसील स्तर से कोई व्यवस्था की गई है। मंगलवार रात दिल्ली-दून हाईवे स्थित एक ढाबे के पास एक वृद्ध की मौत हो गई। बुधवार सुबह शव को देख लोगों ने थाने पर सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी मौत ठंड से मानी जा रही है। एसओ के अनुसार मरने वाले की उम्र लगभग 55 साल है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शहर में कुल 12 स्थानों पर पक्के शेल्टर होम बनाए गए हैं। सूरजकुंड संक्रामक रोग अस्पताल, टाउन हॉल परिसर, सूरजकुंड वाहन डिपो के पीछे, नौचंदी ग्राउंड पानी टंकी के पास, बच्चा पार्क बिजली घर के बराबर समेत कुछ अन्य स्थानों पर शेल्टर होम्स बनाए गए हैं। कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने के बावजूद नगर निगम ने अब तक इनकी शुरूआत नहीं की है। बुधवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सलीम भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बारी-बारी से शहर में बने शेल्टर होम्स का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सभी शेल्टर होम्स बंद मिले। जल्द ही इनकी शुरूआत नहीं होने पर कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन चलाएगी।
----- पुलिस ने उठाया
मेरठ। नौचंदी क्षेत्र में अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर बुधवार को एमडीए जेई के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मकान स्वामी मौके पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस वहां काम कर रहे आठ मजदूरों को अपने साथ ले आई। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
ठंड से मौत की कोई सूचना नहीं है। मौत की जांच कराएंगे। अलाव जलाने के लिए नगर निगम के साथ ही सभी तहसील को निर्देश दे दिए गए हैं। दिसंबर में कंबल भी बांट दिए जाएंगे।
- विकास गोठलवाल, जिलाधिकारी मेरठ।