हस्तिनापुर। शुक्रवार शाम गंगा नदी में डूबी युवती का रविवार को भी पता नहीं चल सका। गाजियाबाद से बुलाए गए पीएसी के गोताखोरों ने पूरे दिन कई किलोमीटर गंगा में तलाश की।
शुक्रवार शाम हस्तिनापुर निवासी किसान कालूराम की 19 वर्षीय पुत्री अंजलि उस समय गंगा में डूब गई थी, जब वह अपने परिवार के साथ नाव में बैठकर गंगा पार कर रही थी। उस समय बीच में ही नाव डूब गई थी। उसमें सवार परिवार के चार सदस्य तो एक स्लीपर का सहारा लेकर बच निकले। कालूराम काफी प्रयास के बाद के बाद भी अंजलि को डूबने से नहीं बचा सका था।
इस हादसे से मनोहरपुर गांव एवं खेड़ी कलां के ग्रामीण गमजदा हैं। दो दिन से ग्रामीण गंगा में डूबे किसान के सामान को निकालने में जुटे हैं। ट्रैक्टर, बुग्गी तो उन्होंने काफी मशक्कत के बाद शनिवार को गंगा से बाहर निकाल ली। नाव को बाहर निकालने में रविवार को भी ग्रामीण लगे रहे लेकिन शाम तक काफी मशक्कत करने के बाद भी नाव निकालने में कामयाब नहीं हो सके।
रविवार सुबह ही से ही ग्रामीण और 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद के गोताखोर गंगा में मोटरबोट में बैठ कर अंजलि को तलाशते रहे लेकिन शाम तक उसका पता नहीं चल सका।