मेरठ। गैस वितरकों ने हड़ताल वापस ले ली है। बुधवार से गैस का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। यह निर्णय जिलाधिकारी से वार्ता के बाद देर शाम लिया गया। साथ ही चेतावनी भी दी कि दो-तीन दिन में हमलावर नहीं पकड़े गए और गैस कंपनी के अधिकारियों से वार्ता कराकर समस्याओं का समाधान नहीं कराया, तो पूरे उत्तर प्रदेश के गैस वितरक हड़ताल पर चले जाएंगे।
गत शनिवार को मेरठ में कंकरखेड़ा स्थित मधु गैस एजेंसी के मालिक अमित मोहन भारद्वाज को अज्ञात बदमाशों ने एजेंसी कार्यालय में घुसकर गोली मार दी थी। चार दिन बाद भी पुलिस न तो हमलावरों को गिरफ्तार कर सकी है और न ही प्रशासन ने गैस आपूर्ति शुरू कराने के लिए गैस वितरकों से बातचीत का प्रस्ताव भेजा है। गत सोमवार को गैस वितरकों ने बुधवार से पश्चिम उप्र में गैस ही हड़ताल शुरू करने की घोषणा की थी। मंगलवार को गैस वितरकों ने सीडीए रोड स्थित सुनील बैजल के आवास पर बैठक की। शाम को साढ़े छह बजे ऑल इंडिया एलपीजी गैस वितरक फेडरेशन के महासचिव पवन सोनी के नेतृत्व में वितरक जिलाधिकारी विकास गोठलवाल से मिले। डीएम ने दो दिन के भीतर हमलावर को गिरफ्तार करने और गैस कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक करके समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद गैस वितरकों ने हड़ताल वापस लेते हुए बुधवार से गैस सप्लाई शुरू करने का निर्णय लिया। साथ ही चेतावनी दी कि दो-तीन दिन में मांगें पूरी नहीं की गईं, तो उप्र के सभी गैस वितरक हड़ताल पर चले जाएंगे। वहीं मेरठ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि दो दिन में अगर गैस वितरक एसोसिएशन की मांगें नहीं मानी गई तो पेट्रोलियम एसोसिएशन हड़ताल में शामिल हो जाएगी। नमो जैन, मानव टंडन, सुनील बैजल आदि गैस वितरक मौजूद रहे।
काल डिटेल से नहीं मिल सका सुराग
गैस एजेंसी के संचालक अमित मोहन पर हमले का सुराग पुलिस को काल डिटेल से भी नहीं मिल सका। कुछ संदिग्ध नंबरों का पता जरूर चला है, जिस पर अमित से लंबी बातचीत हुई है। अमित मोहन का इलाज गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में चल रहा है। आईओ वीपी सिंह ने गैस एजेंसी मालिक का बयान लिया है। उन्हें खास सुराग मिला है।