मेरठ (ब्यूरो)। जनपद के कई डिग्री कालेजों ने छात्रों की सूची डीआईओएस कार्यालय नहीं भेजी है। इन छात्रों को सूची के आधार पर ही सरकार की तरफ से लैपटॉप उपलब्ध कराया जाएगा।
जनपद के स्कूलों ने टैबलेट के लिए तो डीआईओएस कार्यालय में सूची भेज दी, लेकिन लैपटॉप के लिए कई कालेज उदासीनता बरत रहे हैं। नियमानुसार हाईस्कूल पास छात्र को 11वीं में और 12वीं पास छात्र को ग्रेजुएशन में प्रवेश लेने पर ही टैबलेट और लैपटॉप का लाभ मिलेगा। सूची उपलब्ध न कराने वालों में कुछ गर्ल्स कालेज भी हैं। वहीं सूची के लिए कई बार बैठक, रिमाइंडर और रजिस्ट्रार को भी पत्र लिखे जा चुके हैं। डीआईओएस शिवकुमार ओझा का कहना है कि यदि 15 जनवरी तक कालेजों ने सूची नहीं दी, तो इसके बाद कालेज खुद जिम्मेदार होंगे। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक मौ. जफर के अनुसार इनमें कुछ कालेज ऐसे हैं, जो फॉरमेट अनुसार सूची नहीं दे रहे हैं। इसलिए उनसे दोबारा सूची मांगी जा रही है।
इन्होंने नहीं भेजी सूची ः आरजी डिग्री कालेज, कनोहर लाल डिग्री कालेज, राजकीय महिला डिग्री कालेज, माछरा डिग्री कालेज आदि हैं। इनमें करीब 42 प्रोफेशनल और 22 इंजीनियरिंग कालेज भी शामिल हैं।