मेरठ। पाक सैनिकों द्वारा सरहद पर दो जवानों की निर्मम हत्या के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सैकड़ों युवा रविवार को सड़कों पर उतर आए और सिर मुंडवाकर आक्रोश जताया। उन्होंने पाकिस्तान का पुतला फूंका और शहीदों की आत्मा की शांति के लिए यज्ञ किया। प्रदर्शनकारियों ने पाक पर हमला किए जाने की मांग का ज्ञापन डीएम केमाध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा।
श्री परमधाम न्यास के बैनर तले सैकड़ों युवक सुबह से ही कमिश्नरी पर जुटने लगे और सिर मुंडवाने का सिलसिला शुरू हो गया। सिर मुंडवाने वालों का कारवां बढ़ता गया। सरधना, हस्तिनापुर व किठौर समेत जनपद केविभिन्न हिस्सों से श्री परमधाम न्यास से जुड़े कार्यकर्ता कमिश्नरी पहुंचे। उनमें पाक की हरकत के प्रति आक्रोश था। युवाओं ने साफ कर दिया कि शहीदों का अपमान नहीं सहेंगे। केंद्र सरकार को सेना को पाक पर हमला करने के निर्देश देने चाहिए। वहीं एलेक्जेंडर क्लब के सामने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए यज्ञ किया। इस दौरान नीरज सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अमित सिंह, कुशलवीर सिंह, राजबहादुर सिंह, परमानंद सिंह, मोहित सिंह, कुलदीप सिंह, बबलू सिंह, नितिन सिंह, ईश्वर सिंह, आनंद सिंह, सोनू, कमल व अंकित सिंह समेत सैकड़ों युवाओं ने सिर मुंडवाकर आक्रोश व्यक्त किया। अंत में श्री परमधाम न्यास के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
करतूत का जवाब दे सरकार
श्री परमधाम न्यास के मीडिया प्रभारी अतुल का कहना है कि केंद्र सरकार को पाक की करतूत का जवाब देना होगा। इस प्रकार ही शहीदों की शहादत का सम्मान किया जा सकता है। जब तक शहीदों को सम्मान नहीं मिलता विरोध जारी रहेगा।
दो के बदले चाहिए दो सौ सिर
हस्तिनापुर क्षेत्र के नगला शेखू निवासी कुलदीप का कहना है कि पाक ने हमारे दो सैनिकों का सिर काटा है, इसके बदले दो सौ सिर चाहिएं। सरधना के मेहरमती गणेशपुर निवासी वीरेंद्र का कहना है कि पाक सम्मान के साथ शहीदों के सिर लौटा दे, वर्ना हमें सिर लेना आता है।