सरधना। जुल्हैड़ा गांव में पत्नी को पीटने से रोकने पर नशे में धुत एक युवक ने अपने बड़े भ्ााई से गाली-गलौज कर दी। इससे गुस्साए बड़े भाई ने उसे पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
जुल्हैड़ा गांव निवासी रामकुमार (50) पुत्र शिवचरण त्यागी सोमवार रात लगभग नौ बजे शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और अपनी पत्नी मिथलेश को पीटने लगा। रामकुमार के बडे़ भाई राजकुमार ने मिथलेश को पीटने से रोका तो वह उसे गालियां देने लगा। इस पर बड़े भ्ााई राजकुमार को गुस्सा आ गया। वह लाठी लेकर रामकुमार पर टूट पड़ा। बताया कि उसे तब तक पीटा, जब तक मौत नहीं हो गई। इसके बाद फरार हो गया। वहीं रामकुमार की हत्या से घर में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने गांव पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया तथा हत्यारोपी की तलाश में दबिश दी। खबर लिखे जाने तक रामकुमार का शव सरधना सीएचसी पर रखा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि रामकुमार के परिवार में पत्नी मिथलेश, तीन पुत्रियां व एक पुत्र है।