मेरठ। शहर में लूट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग रहा है। मंगलवार को ही बदमाशों ने दो महिलाओं, एक छात्रा और एक छात्र से लूटपाट की। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को जमकर खरी खोटी सुनाई। लेकिन पुलिस बदमाशों को पकड़ने की बजाए, वारदात छिपाने में लगी रही।
सिविल लाइन क्षेत्र के सर्वोदय कॉलोनी की गायत्री पुत्री वीके सिंह बेगमपुल से ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। लालकुर्ती क्षेत्र के इंडाना बार के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्रा के गले से चेन झपट ली। इस बीच छात्रा गिरने से भी बची। छात्रा ने शोर मचाया तो भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस बिना कार्रवाई करे छात्रा को भेजने लगी। छात्रा ने फोन करके परिजनों को बुला लिया। इसके बाद लालकुर्ती थाने में तहरीर दी है।
लालकुर्ती क्षेत्र के डिफेंस कालोनी निवासी गुरदीप सोम सुबह दस बजे स्कूटी से घर जा रही थी। हजारी प्याऊ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे चेन लूट ली। महिला ने कमिश्नर आवास चौपले से होते हुए गंगानगर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश फरार हो गए। महिला ने लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, मेडिकल क्षेत्र के जागृति विहार निवासी अमन सिंह की पत्नी जगरोशनी दोपहर को रिक्शे से बाजार जा रही थी। बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से पर्स छीन लिया। पर्स में तीन हजार, दो मोबाइल और एटीएम कार्ड था। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन आधा घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची। बाद में महिला ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस वारदात को छिपाने में जुटी रही।
शास्त्रीनगर डी ब्लाक निवासी मोहित यादव गंगानगर स्थित आईआईएमटी का छात्र है। मोबाइल पर बात करते हुए वह पैदल ही घर लौट रहा था। शास्त्रीनगर डी ब्लाक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने बाइक सवार दो बदमाश छात्र से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।