मेरठ। सर्राफा कारोबारियों ने शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट स्थित नारायण ज्वैलर्स के यहां से गहने चुराने वाली रिटायर्ड कर्नल की पत्नी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। रिटायर्ड कर्नल द्वारा माफी मांगने पर ज्वैलर्स ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। इस पर पुलिस ने महिला को हिदायत देकर छोड़ दिया।
फूलबाग कॉलोनी निवासी एक महिला शुक्रवार शाम नारायण ज्वैलर्स की दुकान में ग्राहकों के बीच घुस गई। यहां ग्राहक ट्रे में रखे गहने देख रहे थे। उसने मौका पाकर दो बाली छिपा ली और चुपके से निकलकर सामने स्थित गोपाल संस ज्वैलर्स के यहां बैठ गई। वह यहां भी वारदात करने के फेर में थी। इसी बीच नारायण ज्वैलर्स के मालिक अमित को ट्रे से दो गहने गायब मिले। उन्होंने सीसीटीवी कैमरा खंगालना शुरू किया। जिसमें गहने कपड़ों में छिपाते महिला की तस्वीर दिखी। इस पर वे बाहर निकले तो उक्त महिला को गोपाल संस ज्वैलर्स के यहां बैठे देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला से गहने बरामद कर लिये। महिला ने पहले अपना नाम व पता गलत बताया। पुलिस द्वारा सख्ती करने पर उसने खुद को फूलबाग कॉलोनी निवासी रिटायर्ड कर्नल की पत्नी बताया। उसने अपने पति का मोबाइल नंबर पुलिस को दिया। पुलिस ने कर्नल को घटना की जानकारी दी। कर्नल ने घटना पर अफसोस जताते हुए माफी मांगी। वहीं, व्यापार मंडल के जितेन्द्र अग्रवाल, राकेश बंसल, मुकेश जैन आदि ने रिपोर्ट दर्ज न कराने का निर्णय किया। एसओ पीके त्रिपाठी ने बताया कि ज्वैलर्स ने तहरीर नहीं दी। महिला को छोड़ दिया।