मेरठ। दून हाईवे स्थित सकौती के पास खराब खड़े रोड़ी भरे ट्रक में मीट से भरा कंटेनर घुस गया। इससे कंटेनर में आग लगी और उसका चालक जिंदा जल गया। कंटेनर में बैठे सिक्योरिटी गार्ड ने कूदकर जान बचाई। फायर कर्मियों ने आग बुझा दी, लेकिन चालक को नहीं निकाल सके ।
मुजफ्फरनगर से एक ट्रक संख्या यूके 07-सीए-2265 रोड़ी लेकर बुधवार को मेरठ की ओर आ रहा था। सकौती के पास दशरथपुर में पूर्वाह्न 11 बजे ट्रक खराब हो गया। चालक ट्रक को सड़क के किनारे छोड़कर चला गया। बुधवार आधी रात को एक कंटेनर संख्या यूपी-11 डी-7767 दादरी जा रहा था, जिसमें मीट लदा हुआ था। खराब ट्रक में पीछे से कंटेनर ने टक्कर मारी और उसमें फंस गया। टक्कर लगते ही कंटनेर के केबिन में आग लग गई। चालक सहारनपुर निवासी भोला आग में जिंदा जल गया। कंटेनर में एक सिक्योरिटी गार्ड रियाजूम इस्लाम निवासी देवबंद बैठा था। उसने कूदकर जान बचाई। हादसे का पता चलने पर दौराला पुलिस पहुंची। सूचना पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग तो बुझा दी, लेकिन चालक को नहीं बचा सके। देर रात तक कंटेनर में फंसे चालक के शव को पुलिस नहीं निकाल सकी थी। पुलिस ने घायल सिक्योरिटी गार्ड को मोदीपुरम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। गार्ड ने बताया कि वह लिफ्ट लेकर कंटेनर में बैठा था। देर रात तक चालक की पहचान नहीं हो सकी।