मेरठ। छीपी टैंक पर चल रही तनातनी के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज कड़ी चौकसी में हुई। दिनभर जहां छीपी टैंक चौराहे पर पुलिस का पहरा रहा, वहीं नमाज के वक्त भी पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर मौजूद रहे।
बृहस्पतिवार रात में छीपी टैंक चौराहे के पास सड़क पर तरावीह पढ़ने को लेकर हिंदू संगठनों ने हंगामा किया था। सीओ द्वारा विहिप नेता सुदर्शन चक्र महाराज को डंडा मारने की वजह से बखेड़ा होने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए थे। इसके बाद आईजी भवेश कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर अफसरों को शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने का सख्त निर्देश दिया था। इसके बाद रात से शुक्रवार दिनभर छीपी टैंक चौराहे पर पुलिस का सख्त पहरा रहा। दोपहर को जब छीपी टैंक के पास स्थित मसजिद में जुमे की नमाज हुई, तो चौराहे पर पुलिस ही पुलिस नजर आई। एसएसपी दीपक कुमार, अपर जिलाधिकारी एसके दुबे, एसपी सिटी ओमप्रकाश, एएसपी पूनम चौधरी समेत कई सीओ और थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई। शांति पूर्वक नमाज होने के बाद भी कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रखी गई।
आरजी कालेज में पसरा रहा सन्नाटा
छीपी टैंक पर चल रहे विवाद की वजह से शुक्रवार दोपहर आरजी कालेज और वेस्टर्न कचहरी रोड पर सन्नाटा पसरा रहा। आरजी कालेज के गेट पर भी पुलिस की दो वैन खड़ी रहीं तथा तीन पुलिसकर्मी कालेज के गेट पर बैठे हुए थे।