मेरठ। जन्माष्टमी पर शहर को रोस्टिंग से तो मुक्त रखा गया, लेकिन लोकल फाल्ट के नाम पर बिजली आती-जाती रही। शारदा रोड बिजलीघर पर चार घंटे बिजली गुल रही। रात को इलाके में अंधेरा पसरा होने और शाम का पानी नहीं मिलने से लोगों में हाहाकार मचा रहा।
पिछले पांच दिन से लग रहे बिजली के झटकों ने शहर को हिलाकर रखा था। लखनऊ कंट्रोल से ताबड़तोड़ रोस्टिंग और स्थानीय स्तर पर लोकल कटौती के चलते हाहाकार मचा था। लोगों को डर था कि कहीं जन्माष्टमी भी बिना बिजली के किरकिरा न हो जाए। शासन ने बुधवार को बड़ी राहत देते हुए रोस्टिंग नहीं कराई। इससे तो लोगों को राहत मिली, लेकिन शारदा रोड बिजलीघर की 33 केवी लाइन में फाल्ट होने से चार घंटे तक बिजली गुल रही। शाम करीब सवा पांच बजे गुल हुई बिजली रात साढ़े नौ बजे सामान्य हुई। बिजली न मिलने से ब्रह्मपुरी, शिवशंकरपुरी, बागपत गेट, माता का बाग, गौरीपुरा और शारदा रोड उपभोक्ताओं के यहां हाहाकार मचा रहा। एसडीओ डीपी सिंह ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित साईंपुरम के पास 33 केवी लाइन में फाल्ट हो गया था। इसके चलते बिजलीघर की बिजली प्रभावित हुई थी।
दूसरी तरफ, लिसाड़ीगेट, नौचंदी, विकासपुरी, रामलीला ग्राउंड, माधवपुरम, लिसाड़ी रोड, हापुड़ रोड, कंकरखेड़ा, पुराना आरटीओ, सदर और बेगमपुल आदि बिजलीघर क्षेत्रों में लोकल फाल्ट के नाम पर बिजली कटौती के झटके लगते रहे। बिजली अधिकारियों ने बताया कि कंट्रोल से रोस्टिंग नहीं कराई गई। जन्माष्टमी के चलते सिस्टम पर अन्य दिनों की भांति ज्यादा लोड रहा।