मेरठ। हापुड़ अड्डे पर सोमवार अपराह्न साढ़े तीन बजे सवारियां बैठाने को लेकर जेएनएनयूआरएम के बस चालक का प्राइवेट बस के स्टाफ ने सिर फोड़ दिया। नौचंदी थाने पर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
मऊ खास निवासी अनिल कुमार जेएनएनयूआरएम की हापुड़ अड्डे से किठौर तक चलने वाली सिटी बस पर ड्राइवर है। हापुड़ अड्डे पर जब सवारियां बैठाई जा रही थीं, तो प्राइवेट सिटी बस के परिचालक से उनकी गालीगलौज हो गई। आरोप है कि प्राइवेट बस पर तैनात स्टाफ ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। सरिये से प्रहार करके अनिल का सिर फोड़ दिया। सड़क पर सरेआम सिर फुटव्वल होने पर भीड़ लग गई। इसी बीच प्राइवेट बस लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए। अनिल को उसके साथियों ने नौचंदी थाने पहुंचाया। वहां से पुलिस ने अनिल को जिला अस्पताल भेजकर उपचार कराया। जेएनएनयूआरएम के सहायक प्रबंधक अनिल अग्रवाल ने भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों से बात की। अनिल अग्रवाल का कहना है कि प्राइवेट सिटी बस का स्टाफ दबंगई कर रहा है। इससे जेएनएनयूआरएम को काफी नुकसान हो रहा है।