मेरठ। ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के लिए जंजाल बन गई है। तमाम चेतावनियों और बैठकों के बाद कंपनी फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों को दूर नहीं कर पा रही है। बुधवार को विवि प्रशासन के साथ हुई बैठक में कंपनी ने रविवार तक का समय मांगा है। वहीं परीक्षा अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने के बारे में विवि अभी कुछ कहने को तैयार नहीं है।
19 फरवरी बीए, बीकॉम व बीएससी (रेगुलर) के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि थी, लेकिन ऑनलाइन परीक्षा फार्म के दौरान पुराना डाटा न खुलने व फार्म ओपन न होने आ रही दिक्कतों के चलते हजारों छात्र फार्म नहीं भर पाए हैं। विवि प्रशासन ने कंपनी के साथ बीते दो दिनों में तीन बैठकें की, लेकिन फिर भी कोई समाधान नहीं निकला है। समस्याएं लेकर प्रतिदिन सैकड़ों छात्र विवि पहुंचे रहे हैं।
एमसीए बिल्डिंग में खोली गई हेल्प डेस्क
परीक्षा फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों पर छात्रों की शिकायत दर्ज करने के लिए विवि ने कैंपस के अंदर एमसीए बिल्डिंग में हेल्प डेस्क खोली है। सभी छात्रों की शिकायतों को दर्ज कर दूर किया जाएगा। यहां पर कंपनी द्वारा दो कर्मचारियों को भी नियुक्ति कर दिया गया है।
दो हजार की शिकायतें नहीं हुईं दूर
स्नातक प्रथम वर्ष में करीब 74 हजार छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरा। इसमें से करीब चार हजार छात्र-छात्राओं ने परीक्षा फार्म पूरे तरह से न भर पाने व गलती होने की शिकायत विवि से की। लेकिन विवि और कंपनी अभी दो हजार शिकायतों को दूर कर पाए हैं।