मेरठ। बिना किसी डॉक्टरी सलाह हैवी एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लाए गए शेड्यूल एच-वन का विरोध शुरू हो गया है। दवा कारोबारियों ने शुक्रवार को जिले भर के रिटेल और होलसेल दवा की दुकानों व मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है। अस्पतालों और नर्सिंग होम के मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। मेरठ केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि अगर सरकार शेड्यूल का वापस लेने पर विचार नहीं करती है तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में एसोसिएशन की तरफ से बुलाई गई प्रेसवार्ता में ऐलान किया गया कि सभी दवा कारोबारी दुकानें बंद रखेंगे। इस बंद में करीब तीन हजार होलसेल व रिटेल स्टोर शामिल होंगे। एसोसिएशन अध्यक्ष नरेश गुप्ता ने कहा कि इस नये नियम से न केवल दवा कारोबार प्रभावित होगा बल्कि गरीबों के लिए इलाज कराना महंगा हो जाएगा। जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल ने कहा है कि बंद को पूर्ण समर्थन रहेगा।
चुनावों में कारोबार बंद करना नहीं सही
वहीं मेरठ खाद्य एवं औषधि विक्रेता संगठन ने दवा व्यापारियों के बंद का विरोध किया है। जिला संयोजक घनश्याम मित्तल का कहना है कि एक दिन बंद रखकर समस्या का कोई समाधान नहीं होगा। आचार संहिता लगी है, ऐसे में समस्या का हल नहीं हो सकता। चेयरमैन कविराज मलिक ने कहा जिस समस्या का हल ही चुनाव के बाद होगा, ऐसे में बंद रखना उचित नहीं है।