मेरठ। जिमखाना के पास मिले युवती के शव की पहचान 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी। शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण हत्या की गुत्थी भी उलझी हुई है। शुक्रवार को दिल्ली का एक परिवार शिनाख्त करने पहुंचा, लेकिन उसने पहचानने से इंकार कर दिया।
बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में जिमखाना के पास गहलोत रोड पर युवती का गोली लगा शव मिला था। युवती ने नीली जींस (कैपरी) और गुलाबी टॉप पहन रखा था। उसके सीने पर बाईं तरफ सटाकर गोली मारी गई, जो पीठ से पार हो गई। युवती के कान में मोबाइल फोन की लीड लगी थी। पैर में एक चप्पल थी, दूसरी टूटी पड़ी थी।
सीओ ने देखा सीन ऑफ क्राइम
सीओ कोतवाली रूपेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह नए सिरे से घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की गई। जिस जगह रात को शव पड़ा मिला था, उसके आसपास की दिशा और दशा को देखा गया। यह जानने का प्रयास किया गया कि क्या किसी गाड़ी से शव को इस तरह कैसे फेंका जा सकता है। यदि ऐसा है तो शव की दिशा क्या रही होगी।
इसके साथ ही यह भी देखा गया कि मौका-ए-वारदात पर ही यदि गोली मारी गई तो युवती के गिरने की क्या स्थिति रही होगी। शव की जांच में सामने आया कि युवती के बाईं तरफ गोली मारी गई और बाएं हाथ में ही थोड़ी मिट्टी भी लगी थी। ईयर फोन सुरक्षित मिला। मौके पर खून मिला है। शरीर पर कहीं भी खरोंच या घसीटने के निशान नहीं थे। युवती के नाखून भी साफ मिले हैं। जिससे प्रतिरोध की संभावना नहीं है। सीओ का मानना है कि हत्या को पूर्व नियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास के गर्ल्स हॉस्टलों में जाकर युवती की पहचान का प्रयास किया गया। वहीं, एक बस के ड्राइवर से भी पूछताछ की। पड़ोसी राज्यों से भी मांगी मिसिंग की सूचना
एसएसपी ओंकार सिंह के अनुसार संभवत: युवती शहर के बाहर की रहने वाली है। मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली इस युवती को केवल एक गोली सीने से सटाकर मारी गई। जो ब्लैकनिंग से स्पष्ट है। प्राथमिकता शव की शिनाख्त की है। जोन के सभी जिलों और पड़ोसी राज्यों की पुलिस से मिसिंग लड़कियों के बारे में सूचना मांगी गई है।
शिनाख्त करने पहुंचा एक परिवार
शुक्रवार दुपहर सीओ कोतवाली रूपेश सिंह के पास पहुंचे भगीरथी दिल्ली निवासी आईओसीएल में इलेक्ट्रिीशियन अरुण कुमार ने युवती के शव की शिनाख्त कराने की मांग की। बकौल अरुण उनकी बेटी बरखा 19 जनवरी 2013 से लापता है। इसकी रिपोर्ट थाना भजनपुरा पर 17 जून को दर्ज कराई गई थी। अरुण के अनुसार उसकी बेटी की पीठ पर काला निशान है। पुलिस उसे मोर्चरी ले गई, लेकिन अरुण ने शव पहचानने से इंकार कर दिया।
पोस्टर लगवाए जाएंगे
इंस्पेक्टर कोतवाली सुभाष चंद राणा ने बताया कि शव की पहचान के लिए पोस्टर छपवाए जा रहे हैं। शनिवार को यह पोस्टर शहर के विभिन्न इलाकों के अलावा स्कूल कॉलेजों के आसपास और गर्ल्स हॉस्टलों के आसपास लगवाए जाएंगे। शुक्रवार को कॉलेजों में अवकाश रहा, जिस कारण अब शनिवार को पुलिस अलग अलग कॉलेजों में जाकर युवती के शव के फोटो दिखाकर पहचान का प्रयास करेगी।