मेरठ। दिल्ली रोड स्थित हाइफन होटल का सफाई कर्मचारी शनिवार देर रात लापता हो गया। परिजनों और बाल्मीकि बस्ती के लोगों ने होटल में हंगामा किया। तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश करते हुए हाईवे जाम कर दिया।
बाल्मीकि बस्ती, माधवपुरम निवासी शिवम उर्फ शिवा (18) पुत्र राजेंद्र एक साल से होटल में काम करता था। शिवा की मां ब्रिजेश ने बताया कि होटल मैनेजर जयविंदर ने उसे शनिवार शाम सात बजे बुलाया था। रात करीब 11 बजे होटल से फोन कर शिवा के आने के बारे में पूछा गया। उसके बाद न तो होटल से कोई फोन आया और न ही शिवा घर पहुंचा। उन्हाेंने होटल में संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। रविवार शाम परिजन थाना ब्रह्मपुरी पहुंचे तो वहां से भी उन्हें भगा दिया गया। उसके बाद परिजन और बस्ती के लोग होटल गए और शिवा की बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ ने होटल में घुसते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश की। इसके बाद होटल के सामने ही हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर सीओ और इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी पहुंच गए। भीड़ को किसी तरह समझाकर सीओ ने जाम खुलवाया। परिजनों का आरोप था कि शिवा होटल के मैनेजर की गलती से लापता हुआ है। मैनेजर जयविंदर ने बताया कि शिवा ने होटल में रुके एक गेस्ट का मोबाइल चोरी कर लिया था। सीसी कैमरे की फुटेज में इसका पता चलने पर उसे शनिवार शाम बुलाया गया था। शिवा ने वह मोबाइल अपने लॉकर में छुपा रखा था। मोबाइल बरामद होने पर शिवा से माफीनामा लिखवाकर उसे घर जाने को कह दिया गया था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वह रात 11 बजे होटल से निकल चुका था। वहीं शिवा के परिजनों ने ब्रह्मपुरी के दरोगा की शिकायत सीओ से की। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।