मेरठ। तीरगरान स्थित प्याऊ को लेकर शनिवार को हुए सांप्रदायिक बवाल के बाद बृहस्पतिवार को शहर के स्कूल खुले। स्कूलों में बच्चे तो पहुंचे, लेकिन उन्हें छोड़ने आए अभिभावकों के चेहरों पर चिंता के भाव साफ नजर आए। स्कूलों के गेट पर भी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहे।
सांप्रदायिक बवाल के पांच दिन बाद शहर के सभी स्कूल अपने निर्धारित समय पर खुले। सांप्रदायिक बवाल के बाद रविवार को डीएम नवदीप रिणवा ने स्कूलों की सोमवार की छुट्टी घोषित की थी। मंगलवार, बुधवार को स्कूलों में सरकारी छुट्टी थी। शहर की रफ्तार लौटते देख डीएम ने इस अवकाश को आगे नहीं बढ़ाया। बृहस्पतिवार को सभी स्कूल अपने निर्धारित समय पर खुले। अभिभावकों ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट या जो बच्चों स्वयं वाहन से स्कूल जाते हैं, उन्हें अकेले नहीं जाने दिया। अभिभावक स्वयं उन्हें स्कूल लेकर पहुंचे। ऐसा ही नजारा स्कूलों की छुट्टी के समय दिखा।
स्कूल गेटों पर रही सुरक्षा
स्कूल प्रशासन की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम किया गया। गेट पर सिक्योरिटी गार्ड के अलावा टीचर्स की कई टीमों को सुबह और दोपहर स्कूलों की छुट्टी के समय तैनात किया गया। वेस्ट एंड रोड स्थित दीवान पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल के पीए संजीव छावड़ा ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर सुबह स्कूल शुरू होने और छुट्टी के समय स्कूल गेट पर टीचर्स भी मौजूद रहे।
स्कूलों में चल रही परीक्षाएं
शहर के कई स्कूलों में इंटरनल परीक्षाएं चल रही हैं। इस कारण स्कूलों में शत प्रतिशत उपस्थित रही। ट्रांसलेम एकेडमी में शिक्षक मनोज गोयल ने बताया कि शनिवार को हुई घटना का असर शहर पर पड़ा जरूर है, लेकिन बृहस्पतिवार को स्कूल में बच्चों की उपस्थित सही रही। वहीं, जिन स्कूलों में परीक्षाएं नहीं चल रही हैं। उन स्कूलों में बच्चों की संख्या कम रही।
बवाल के बाद बृहस्पतिवार को स्कूल अपने निर्धारित समय पर खुले। स्कूलों ने गेट पर अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम किया। - विशाल जैन, सचिव, सहोदय