मेरठ। पीवीवीएनएल के मुख्य अभियंता केएम मित्तल ने टीम के साथ शनिवार को बिजलीघरों में छापेमारी की। सप्लाई और शिकायत रजिस्टर देखने के साथ ही शिकायतों के आधार पर संविदा कर्मियों से पूछताछ भी की।
टीम देर शाम एमईएस और मोहनपुरी बिजलीघर पहुंची। अधिशासी अभियंता सीपी सिंह और आरके राणा भी टीम में थे। गाड़ियां देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विद्युत आपूर्ति रजिस्टर और लोकल शट डाउन के विषय में भी पूछताछ की गई। मुख्य अभियंता ने शिकायत रजिस्टरों की जांच कर शिकायतों पर हुई कार्यवाही का भी ब्योरा मांगा। टीम ने ट्रांसफार्मर परिसर का भी निरीक्षण किया।
नौचंदी बिजली घर के चार संविदा कर्मी निलंबित
पीवीवीएनएल के एमडी विजय विश्वास ने शुक्रवार को नौचंदी बिजलीघर पर छापेमारी की थी। शिकायत के बाद नौचंदी बिजलीघर के जेई और लाइनमैन को हटा दिया गया था। जांच में दोषी पाए गए और चार सविंदाकर्मियों को भी हटा दिया गया है।
चार माह से नहीं मिला संविदा कर्मियों को वेतन
विद्युत संविदा मजदूर संगठन के पश्चिमांचल अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा ने कहा कि चार माह से संविदा कर्मियों को वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों को सुरक्षा के सामान भी खुद ही खरीदने पड़ते है। ईपीएफ कटौती की भी मॉनिटरिंग नहीं की जाती। अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा ने उच्च अधिकारियों से इस दिशा में ध्यान देने की मांग की है।