मेरठ। नगर निगम कर्मचारी संघ के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इसके बावजूद नगरायुक्त ने कुछ कर्मचारियों के तबादले कर दिए हैं। जिससे चुनावी राजनीति गर्माने लगी है। एक पक्ष ने नगरायुक्त पर कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
कर्मचारी नेता श्रीपाल का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निगम में चुनाव आचार संहिता लगी है। इस दौरान किसी भी कर्मचारी का स्थानांतरण नहीं किया जा सकता है, लेकिन नगरायुक्त ने छह से अधिक कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया है। यह कर्मचारी हित में नहीं है। श्रीपाल का आरोप है कि नगरायुक्त एक खेमे को चुनावी फायदा पहुंचाने के लिए कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय नगरायुक्त के आदेश का पालन नहीं किया जाएगा। चुनाव के बाद ही कर्मचारी स्थानांतरण आदेश मानेंगे।
आपत्तियों के निस्तारण में जुटे चुनाव अधिकारी
नगर निगम कर्मचारी संघ के चुनाव की सरगर्मी बढ़ती जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से कुछ आपत्तियां दी गई हैं। चुनाव अधिकारी और अपर नगरायुक्त लालचंद मौर्य ने शनिवार को कर्मचारी नेताओं द्वारा दी गई आपत्तियों का अवलोकन किया। उन्होंने इस बाबत बायलॉज भी देखा। चुनाव अधिकारी की माने तो नियमानुसार आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है।