मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र की हर्रा खिवाई पुलिस चौकी द्वारा गोकशी की सूचना पर कार्रवाई न करने को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। सूचना पर जिलाधिकारी ने जहां एडीएम ई दीपचंद और एसपी देहात कैप्टन एमएम बेग को मौके पर भेजा। वहीं एसएसपी को पत्र भेजकर निर्देश दिए कि प्रत्येक थाने में कोई भी तहरीर आती है, तो पहले उस पर रिपोर्ट दर्ज होगी।
शुक्रवार को जिलाधिकारी पंकज यादव को फोन पर सूचना मिली कि हर्रा खिवाई पुलिस चौकी पर हंगामा चल रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस को गोकशी की सूचना दी, लेकिन पुलिस ने इस पर कार्रवाई नहीं की। पंकज यादव के निर्देश पर एडीएम ई और एसपी देहात खिवाई पुलिस चौकी पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज हुई। हालांकि जांच में बैल काटे जाने की सूचना गलत निकली। इसके बाद डीएम ने निर्देश जारी किए कि जनपद के सभी थानों में कोई भी व्यक्ति यदि शिकायत लेकर आता है, तो तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए।