मेरठ। प्रधानमंत्री भले ही देश को साफ-सुथरा देखना चाहते हों, लेकिन धरातल पर उनका सपना हकीकत में बदलता नहीं नजर आ रहा है। शहर में जिस विभाग पर सफाई की जिम्मेदारी है, वही गंदगी के ढेर पर बैठा है। यही नहीं, माननीयों के घर के आसपास भी कूड़े का ढेर लगा है। ऐसे में शहर के अन्य इलाकों में सफाई व्यवस्था कैसी होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। शनिवार को अमर उजाला की टीम ने सांसद, कैबिनेट मंत्री, विधायक आवास के बाहर और नगर निगम कार्यालय परिसर में सफाई का हाल देखा तो कुछ ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं।
केस-1:
जली कोठी में कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के घर के पास एक तरफ कूड़े का खत्ता है तो दूसरी तरफ फैज-ए-आम कॉलेज की ओर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं।
-----------
केस-2:
चाणक्यपुरी कॉलोनी में भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल के आवास के पास भी कूड़े का ढेर लगा है।
---------------
केस-3:
नगर निगम में नगरायुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारी बैठते हैं। झारखंडी मंदिर भी यहीं है। परिसर में कूड़े के ढेर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर के अन्य इलाकों का क्या हाल होगा।
------------------------------------------
आरजी कॉलेज के निकट चलाई झाडू:
प्रधानमंत्री के संदेश के बाद भाजपाई स्वच्छ भारत का सपना साकार करने के लिए शनिवार को भी महानगर में झाड़ू लेकर सफाई करते नजर आए। महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, पार्षद हरीश कुमार आदि आरजी कॉलेज मार्ग पर सफाई करने पहुंचे।