मेरठ। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड मामले में चल रही एक सदस्यीय न्यायिक आयोग की जांच में शनिवार को तत्कालीन सीएफओ नरेश कुमार से पूछताछ होगी। तत्कालीन सीओ सिविल लाइन प्रबल प्रताप सिंह के भी आने की उम्मीद है। क्योंकि उन्हें भी लाइजन ऑफिसर ने नोटिस भेजा हुआ है।
विक्टोरिया पार्क अग्निकांड मामले में जस्टिस एसबी सिन्हा इन दिनों सुनवाई कर रहे हैं। तत्कालीन डीआईजी और एसपी सिटी सहित अन्य कई अधिकारियों व गवाहों से पूछताछ हो चुकी है। शनिवार को नरेश कुमार और प्रबल प्रताप सिंह को बुलाया गया है। वहीं रविवार को तत्कालीन डीएम मुकेश मेश्राम को भी बुलाया गया है।
पीड़ित देंगे प्रत्यावेदन
विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत समिति के सचिव संजय गुप्ता ने बताया कि शनिवार को वह जस्टिस एसबी सिन्हा को दो प्रत्यावेदन सौंपेंगे। इसमें एक समेंद्र सिंह को गवाह बनाने के लिए होगा। इसके अलावा विक्टोरिया पार्क अग्निकांड में मृत मालती तायल को भी मृतकों की सूची में शामिल करने और मुआवजा दिलाए जाने का प्रत्यावेदन भी सौंपा जाएगा।