मेरठ। बसपा के वेस्ट यूपी प्रभारी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बुधवार को कंकरखेड़ा में मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने लक्ष्य तय किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक-एक बस भरकर छह दिसंबर को सामाजिक परिवर्तन स्थल पर लखनऊ पहुंचेगी। यहां बाबा भीमराव अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर रैली का आयोजन हो रहा है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने हर विधानसभा क्षेत्र से लखनऊ जाने वाले 50-50 कार्यकर्ताओं की सूची चेक की। इस मौके पर जोन कोर्डिनेटर अतर सिंह राव ने रिपोर्ट पेश की कि सभी सेक्टर कमेटियों का गठन हो चुका है। अब बूथ कमेटियों का गठन शुरू होगा। नसीमुद़्दीन सिद्दीकी ने निर्देश दिए कि बूथ कमेटियों में भी सेक्टर की तरह बेदाग छवि के लोगों को शामिल किया जाए। उन्होंने सेक्टर कमेटियों की समीक्षा की। प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि इस सरकार में जनता हलकान हो गई और बसपा के शासन को याद कर रही है। ऐसे में सभी साथियों को मिशन 2017 की तैयारियों में और गंभीरता से जुट जाना है। उन्होंने कहा कि जिलेवार कैडर कैंप समाप्त हो गए हैं। मेरठ में अब विधानसभावार कैडर कैंप शुरू होंगे। इसमें पार्टी की नीतियों को विस्तार से समझाया जाए। बैठक में पूर्व विधायक योगेश वर्मा, हाजी याकूब कुरैशी, मुकेश जाटव, गजेन्द्र मांगलिक, शैलेंद्र चौधरी, मुरारीलाल केन, राम कुमार आदि मौजूद रहे। उधर, जिला अध्यक्ष अश्वनी जाटव ने बताया कि कई दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ता इस मौके पर बसपा में शामिल हुए।